आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने सोमवार को कहा कि उन्होंने नागर विमानन मंत्री के. राममोहन नायडू से कोलकाता को ब्रिटेन और अन्य यूरोपीय देशों से जोड़ने वाली सीधी उड़ानें शुरू करने तथा दुर्गापुर के अंडाल हवाई अड्डे से विमान सेवाएं बढ़ाने का आग्रह किया है।
शुभेंदु अधिकारी ने नायडू की मौजूदगी में आयोजित एक कार्यक्रम में यह बात कही, जहां पश्चिम बंगाल सरकार ने राज्य में क्षेत्रीय संपर्क योजना ‘उड़ान’ लागू करने के लिए नागर विमानन मंत्रालय के साथ एक समझौते पर हस्ताक्षर किए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार हवाई अड्डे के बुनियादी ढांचे के विस्तार के लिए जमीन उपलब्ध कराने को तैयार है। उन्होंने कहा कि सरकार ने कोलकाता के पास नया हवाई अड्डा विकसित करने के लिए कल्याणी में 2,000 एकड़ जमीन चिह्नित की है।