इंस्टाग्राम ‘इन्फ्लुएंसर’ को डराने के लिए गोलीबारी की साजिश नाकाम, एक नाबालिग समेत तीन पकड़े गए

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 20-11-2026
Shooting plot to intimidate Instagram 'influencer' foiled, three arrested, including a minor
Shooting plot to intimidate Instagram 'influencer' foiled, three arrested, including a minor

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
 दिल्ली पुलिस ने हजरत निजामुद्दीन थाना क्षेत्र में एक इंस्टाग्राम ‘इन्फ्लुएंसर’ को डराने-धमकाने के इरादे से गोलीबारी करने की साजिश रच रहे गैंगस्टर राशिद केबलवाला गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है जबकि एक नाबालिग को हिरासत में लिया गया है।
 
दक्षिण पूर्वी दिल्ली के अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त उत्कर्ष ने शुक्रवार को यहां पुलिस मुख्यालय में पत्रकारों को बताया कि आरोपियों के पास से पांच अर्ध-स्वचालित पिस्तौल, 11 कारतूस, चार मोबाइल फोन और चोरी की एक बाइक बरामद की गई है।
 
पुलिस ने बताया कि आरोपियों की पहचान गाजियाबाद में लोनी निवासी 20 वर्षीय साहिल इदरिसी और 22 साल के साद मलिक के तौर पर हुई है जबकि नाबालिग भी गाजियाबाद का ही रहने वाला है।
 
उन्होंने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि इलाके में एक सोशल मीडिया ‘इन्फ्लुएंसर’ को डराने-धमकाने के इरादे से उस पर गोलीबारी की जा सकती है।
 
पुलिस ने बताया कि स्थानीय थाने की पुलिस ने हज़रत निज़ामुद्दीन बस्ती की 'शोले वाली गली' के पास बृहस्पतिवार सुबह करीब पांच बजे दो संदिग्ध युवकों को देखा और दोनों संदिग्धों ने पुलिस टीम से बचने की कोशिश की। हालांकि, सतर्क पुलिसकर्मियों ने तुरंत उन्हें रोक लिया और उनकी तलाशी ली।
 
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आगे की जांच और पूछताछ से हजरत निज़ामुद्दीन इलाके में रहने वाले एक इंस्टाग्राम ‘इन्फ्लुएंसर’ को डराने-धमकाने के इरादे से गोलीबारी करने की साजिश का पता चला।
 
उनके मुताबिक, आरोपियों ने बताया कि उनके संबंध राशिद केबलवाला गिरोह से जुड़े लोगों के साथ हैं और इस साजिश में उनकी भूमिका है।
 
शुरुआती पूछताछ के दौरान, आरोपियों ने बताया कि वे एक अन्य साथी के जरिए राशिद केबलवाला के संपर्क में आए थे। उन्होंने उससे पैसों, हथियारों और आगे के निर्देशों के बारे में बातचीत की थी।