Investment of Rs 1.72 lakh crore in the energy sector; nuclear plants to be set up in Banka and Siwan
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
बिहार के ऊर्जा क्षेत्र में करीब 1.72 लाख करोड़ रुपये का निवेश प्रस्तावित है। इसके तहत बांका और सिवान में दो परमाणु ऊर्जा संयंत्र स्थापित किए जाएंगे, जबकि नवादा, जमुई और औरंगाबाद में चार पंप्ड स्टोरेज परियोजनाएं विकसित की जाएंगी। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
ऊर्जा विभाग के बयान के अनुसार, मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में बिजली की बढ़ती मांग को देखते हुए परमाणु ऊर्जा और पंप्ड स्टोरेज जलविद्युत सहित ऊर्जा क्षेत्र में बड़े पैमाने पर निवेश किया जा रहा है। इन परियोजनाओं से राज्य की बिजली उत्पादन एवं भंडारण क्षमता बढ़ेगी और ऊर्जा व्यवस्था मजबूत होगी।
उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य वर्ष 2030 तक राज्य के उद्योगों को 24 घंटे सस्ती, गुणवत्तापूर्ण और निर्बाध बिजली उपलब्ध कराना है। औद्योगिक विकास और भविष्य की बिजली जरूरतों को ध्यान में रखते हुए इन परियोजनाओं के लिए समझौते किए गए हैं।
बिहार में औद्योगिक विकास और निवेश को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित बिहार बिजनेस कनेक्ट-2026 के तहत शुक्रवार को पटना में उद्यमियों के साथ संवाद एवं समझौता समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान ऊर्जा क्षेत्र की छह महत्वपूर्ण परियोजनाओं के लिए समझौता ज्ञापनों (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। इन परियोजनाओं में कुल 1,72,885 करोड़ रुपये का निवेश प्रस्तावित है।