Amit Shah condoles the death of Uttar Pradesh Chief Minister Yogi Adityanath's mother
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी के निधन पर शोक व्यक्त किया। योगी की मां का शुक्रवार को उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले स्थित उनके पैतृक गांव में निधन हो गया। वह 91 वर्ष की थीं।
शाह ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी की मां सावित्री देवी जी के निधन की खबर अत्यंत दुखद है। मां का निधन जीवन की ऐसी क्षति है, जिसकी भरपाई कभी नहीं की जा सकती।’’
उन्होंने कहा, ‘‘इस दुख की घड़ी में मेरी संवेदनाएं योगी जी और पूरे शोकाकुल परिवार के साथ हैं। मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोक संतप्त परिवार को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।’’
पंचूर गांव के निवासियों ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि सावित्री देवी का निधन सुबह करीब 10 बजकर 45 मिनट पर हुआ। पौड़ी गढ़वाल के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) सर्वेश पंवार ने कहा कि स्थानीय प्रशासन परिवार के सदस्यों के संपर्क में है।
पंचूर ग्राम सभा के एक सदस्य ने बताया कि सावित्री देवी लंबे समय से बीमार थीं और वह केवल अपने परिवार के सदस्यों को ही पहचान पाती थीं।