शिंदे बीएमसी में ‘महायुति’ को मिले जनादेश का सम्मान करेंगे : शिवसेना

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 19-01-2026
Shinde will respect the mandate given to 'Mahayuti' in BMC: Shiv Sena
Shinde will respect the mandate given to 'Mahayuti' in BMC: Shiv Sena

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की स्पष्ट राय है कि शिवसेना बृहन्मुंबई महानगर पालिका (बीएमसी) में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत ‘महायुति’ को मिले जनादेश का सम्मान करेगी। सूत्रों ने यह जानकारी दी।
 
सूत्रों ने यह भी कहा कि शिवसेना के 29 निर्वाचित पार्षदों को मुंबई के एक पांच सितारा होटल में स्थानांतरित किए जाने को अनावश्यक रूप से बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया जा रहा है।
 
हाल में हुए महानगर पालिका चुनावों में भाजपा-शिवसेना गठबंधन को मामूली बहुमत मिलने के बाद इन 29 नवनिर्वाचित पार्षदों को होटल में स्थानांतरित किया गया था।
 
ऐसी अटकलें हैं कि शिंदे कम से कम पहले ढाई साल के लिए शिवसेना के लिए बीएमसी महापौर का पद चाहते हैं क्योंकि यह पार्टी के संस्थापक दिवंगत बाल ठाकरे की जन्म शताब्दी का वर्ष है।
 
शिवसेना सूत्रों ने कहा कि शिंदे जानते हैं कि उनकी पार्टी को यह पद नहीं मिलेगा और उन्होंने इस मुद्दे पर अब तक भाजपा नेतृत्व से कोई बातचीत भी नहीं की है। हालांकि, वह यह संदेश भी नहीं देना चाहते कि वह पीछे हट गए हैं।
 
शिंदे के एक करीबी सहयोगी ने कहा, ‘‘शिवसैनिक चाहते हैं कि बालासाहेब ठाकरे की जन्म शताब्दी के अवसर पर पार्टी का अपना महापौर हो। हालांकि शिंदे जानते हैं कि भाजपा शिवसेना महापौर की मांग स्वीकार नहीं करेगी, फिर भी सार्वजनिक चर्चा में कोई हर्ज नहीं है। शिंदे को पीछे हटने वाले नेता के रूप में नहीं देखा जा सकता। कम से कम पार्टी को कुछ अन्य महत्वपूर्ण समितियों में तो जगह मिलेगी।’’