नई दिल्ली
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया और कहा कि वह जनजातीय समुदायों, गरीबों और वंचितों के सशक्तिकरण के लिए हमेशा प्रतिबद्ध रहे।
झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के संस्थापक शिबू सोरेन का सोमवार को 81 वर्ष की उम्र में निधन हो गया।प्रधानमंत्री मोदी ने झारखंड के मुख्यमंत्री और शिबू सोरेन के पुत्र हेमंत सोरेन से फोन पर बात कर शोक संवेदना व्यक्त की।
उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा:“शिबू सोरेन जी एक जमीनी नेता थे, जो जनता के प्रति अपने अटूट समर्पण के कारण जननेता बने। वे जनजातीय समुदायों, गरीबों और वंचितों के सशक्तिकरण के लिए विशेष रूप से समर्पित थे।”
मोदी ने कहा, “उनके निधन से अत्यंत दुःख हुआ। मेरी संवेदनाएं उनके परिवारजनों और प्रशंसकों के साथ हैं। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन जी से बात की और शोक प्रकट किया। ओम शांति।”