शाह शुक्रवार से तीन दिवसीय अरुणाचल प्रदेश दौरे पर, कई कार्यक्रमों में होंगे शामिल

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 20-11-2026
Shah on a three-day visit to Arunachal Pradesh from Friday, will attend several programmes
Shah on a three-day visit to Arunachal Pradesh from Friday, will attend several programmes

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शुक्रवार शाम से शुरू हो रहे अपने तीन दिवसीय अरुणाचल प्रदेश दौरे में राज्य पुलिस को राष्ट्रपति निशान प्रदान करेंगे, नवनियुक्त पुलिसकर्मियों को नियुक्ति पत्र वितरित करेंगे, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) के परिसर का उद्घाटन करेंगे और प्रदेश में विकास एवं सुरक्षा से जुड़े प्रमुख मुद्दों की समीक्षा करेंगे।
 
उनका यह दौरा ऐसे समय हो रहा है, जब प्रस्तावित सियांग अपर बहुउद्देश्यीय परियोजना (एसयूएमपी) को लेकर विरोध प्रदर्शन जारी हैं। साथ ही, केंद्र सरकार इस रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण सीमावर्ती राज्य में सीमा संबंधी बुनियादी ढांचे, सुरक्षा और संपर्क सुविधाओं को मजबूत करने पर जोर दे रही है।
 
अधिकारियों की ओर से साझा किए गए संभावित कार्यक्रम के अनुसार, शाह शनिवार सुबह साढ़े 10 बजे बंदरदेवा स्थित पुलिस प्रशिक्षण केंद्र (पीटीसी) में आयोजित एक समारोह में शामिल होंगे।
 
वहां वह शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित करेंगे, परेड और औपचारिक मार्च पास्ट का निरीक्षण करेंगे तथा राज्य पुलिस को उसकी सेवाओं के सम्मान में राष्ट्रपति निशान प्रदान करेंगे।
 
गृह मंत्री समारोह को संबोधित भी करेंगे और नवनियुक्त पुलिसकर्मियों को नियुक्ति पत्र वितरित करेंगे। इसके बाद वह दोपहर करीब एक बजकर 40 मिनट पर ईटानगर के लिए रवाना होंगे।