आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में स्थित भिलाई इस्पात संयंत्र (बीएसपी) की एक इकाई में आग लगने से सात मजदूर घायल हो गए। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
संयंत्र के एक अधिकारी ने बताया कि भिलाई शहर में स्थित बीएसपी की स्टीम टर्बो जेनरेटर - चार टर्बाइन यूनिट में सुबह करीब 10 बजे आग लग गई। अचानक आग लगने से टर्बाइन हॉल में चारों ओर भारी धुआं फैल गया।
अधिकारी ने बताया कि सूचना मिलते ही संयंत्र के दमकल विभाग ने तुरंत कार्रवाई की। उन्होंने बताया कि आग बुझाने के लिए तीन दमकल गाड़ियां मौके पर भेजी गईं और आग पर तुरंत काबू पा लिया गया।
अधिकारी ने बताया कि इस घटना में कम से कम सात मजदूर घायल हुए हैं, जिनमें से कुछ को जलने से चोटें आई हैं। उन्हें इलाज के लिए भिलाई शहर के सेक्टर-नौ स्थित पंडित जवाहरलाल नेहरू अस्पताल ले जाया जा रहा है।
अस्पताल के चिकित्सक के अनुसार, छह मजदूरों को भर्ती कर लिया गया है, जबकि एक अन्य घायल मजदूर को अस्पताल लाया जा रहा है।
अधिकारियों ने बताया कि आग लगने के कारणों का पता लगाने और नुकसान का आंकलन करने के लिए जांच शुरू कर दी गई है।