Sensex rises 564 points on softening crude oil prices, Nifty rises for fourth consecutive day
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
कच्चे तेल के दाम में नरमी के बीच घरेलू शेयर बाजार में सोमवार को तेजी रही और मानक सूचकांक बीएसई सेंसेक्स 564 अंक चढ़ गया, जबकि एनएसई निफ्टी 68 अंक मजबूत हुआ।
विश्लेषकों के अनुसार, कच्चे तेल में नरमी के अलावा विदेशी पूंजी प्रवाह बढ़ने और वैश्विक शेयर बाजारों में सकारात्मक रुख से बाजार में तेजी आई।
तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 564.03 अंक यानी 0.76 प्रतिशत चढ़कर 74,858.99 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 692.44 अंक चढ़कर 74,987.40 अंक तक पहुंच गया था।
इसी तरह, 50 शेयरों पर आधारित एनएसई निफ्टी लगातार चौथे दिन बढ़त में रहा और यह 67.90 अंक यानी 0.29 प्रतिशत चढ़कर 23,414.30 अंक पर बंद हुआ।
सेंसेक्स में शामिल 30 कंपनियों में अल्ट्राटेक सीमेंट का शेयर सबसे ज्यादा 4.11 प्रतिशत चढ़ा। इसके अलावा, एचसीएल टेक, इटर्नल, टाइटन, आईटीसी और टेक महिंद्रा भी प्रमुख रूप से लाभ में रहे।