आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
भारतीय पुरूष बैडमिंटन टीम बांग्लादेश को 3 . 0 से हराकर एशियाई खेलों में सोमवार को क्वार्टर फाइनल में पहुंच गई ।
लक्ष्य सेन, आयुष शेट्टी और के श्रीकांत ने एक भी गेम गंवाये बिना क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया जहां उनका सामना मंगलवार को मेजबान जापान से होगा ।
महिला टीम भी अंतिम आठ में जापान से खेलेगी ।
लक्ष्य ने इब्न ऐमान जमान को आधे घंटे से भी कम समय में 21 . 4, 21 . 12 से मात दी ।
इसके बाद आयुष ने गौरब सिंह को 25 मिनट में 21 . 4, 21 . 13 से हराया । श्रीकांत ने जुमार अल अमीन को 23 मिनट में 21 . 15, 21 . 9 से शिकस्त दी ।
मैच के बाद लक्ष्य ने कहा ,‘‘ मेरे लिये हालात के अनुरूप ढलना अहम था । यह कठिन मैच नहीं लग रहा था लेकिन पहला मैच काफी पेचीदा हो सकता है । मैं अच्छी शुरूआत करके कोर्ट के अनुसार खुद को ढलने के इरादे से ही आया था । एक बार लगा कि मैं जीत रहा हूं तो उसके बाद से कोर्ट को बेहतर समझने का लक्ष्य था ।’’
पिछले एक साल में अपने खराब फॉर्म के बारे में उन्होंने कहा ,‘‘ इस साल की शुरूआत में कुछ अच्छे टूर्नामेंट थे और मैं उसी स्तर पर फिर खेलना चाहता था । चोटों को लेकर चिंता थी लेकिन उससे उबरने के बाद अब मैं फिर शीर्ष स्तर पर अच्छा खेलना चाहता हूं ।’’