राहुल के कार्यक्रम में ‘मिमिक्री’: मेघवाल, गोवा के मुख्यमंत्री ने संस्कृति का अपमान करार दिया

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 21-09-2026
'Mimicry' at Rahul's event: Meghwal, Goa CM call it an insult to culture
'Mimicry' at Rahul's event: Meghwal, Goa CM call it an insult to culture

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
 केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने इंदौर में राहुल गांधी के एक हालिया कार्यक्रम में 'मिमिक्री' किये जाने को लेकर सोमवार को कांग्रेस सांसद की आलोचना की और आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की दिवंगत मां से संबंधित टिप्पणी भारतीय संस्कृति का अपमान है।
 
गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने भी इस मुद्दे को लेकर राहुल पर निशाना साधते हुए कहा कि राजनीतिक विरोध माता-पिता या बुजुर्गों पर निजी हमलों में तब्दील नहीं होना चाहिए।
 
यह विवाद शनिवार को मध्यप्रदेश के इंदौर में राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के दौरान पैदा हुआ। कार्यक्रम में स्टैंड-अप कॉमेडियन पुलकित मणि ने एक प्रस्तुति के दौरान प्रधानमंत्री मोदी की 'मिमिक्री' की थी। कांग्रेस ने इस कार्यक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया था। पार्टी ने इसे व्यंग्य और 'मिमिक्री' बताते हुए इसका बचाव किया है।
 
मेघवाल ने दक्षिण गोवा में संवाददाताओं से कहा कि भारतीय संस्कृति लोगों को माताओं और बुजुर्गों का सम्मान करना सिखाती है।
 
उन्होंने कहा, ‘‘भारतीय संस्कृति हमें क्या सिखाती है? माताओं का सम्मान करना। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की मां अब इस दुनिया में नहीं हैं। राहुल गांधी ने ‘छात्रों की गूंज’ के जरिए झूठ बोलकर भारतीय संस्कृति का अपमान किया।’’