वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी की मां की हत्या 'अति-चिंतनीय' : मायावती

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 17-08-2026
Senior IPS officer's mother's murder 'highly worrying': Mayawati
Senior IPS officer's mother's murder 'highly worrying': Mayawati

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने भारतीय पुलिस सेवा के वरिष्ठ अधिकारी की मां की हत्या की वारदात को 'अति-चिंतनीय' करार देते हुए सरकार से इस पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
 
मायावती ने सोमवार को सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, "उप्र के जिला अम्बेडकरनगर में वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी आशुतोष मिश्रा की लगभग 91-वर्षीय बुजुर्ग माता की हुई हत्या अति-दुखद तथा प्रदेश की कानून-व्यवस्था के हिसाब से अति-चिन्तनीय है।"
 
उन्होंने कहा कि ऐसी घटना को लेकर लोगों की यह आशंका वाजिब है कि जब हत्या जैसी जघन्य घटना पुलिस अधिकारी के परिवार के साथ हो सकती है तो आमजन की सुरक्षा का क्या होगा।
 
मायावती ने मांग की, "सरकार इस घटना का उचित संज्ञान ले और दोषियों के खिलाफ सख्त क़ानूनी कार्रवाई करे, जो अत्यन्त जरूरी है।"
 
आईपीएस अधिकारी आशुतोष मिश्रा के अम्बेडकरनगर जिले के रुधा धम्रुआ गांव स्थित उनके घर में उनकी 95 वर्षीय मां इंद्रावती रविवार को मृत मिली थीं। वह अपने पति के निधन के बाद घर में अकेली ही रहती थीं।
 
लखनऊ में तैनात मिश्रा ने रविवार को अम्बेडकरनगर पहुंचकर अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या और डकैती का मामला दर्ज कराया।
 
पुलिस सूत्रों ने बताया कि सोने की चेन, नोज पिन, झुमके और पायल गायब थे, जबकि घर का कोई अन्य सामान अस्त-व्यस्त नहीं मिला।
 
उन्होंने बताया कि परिवार को शक है कि चोर शनिवार रात घर में घुसे और गहने ले जाने से पहले उनकी हत्या कर दी।