आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
दिल्ली पुलिस ने बुधवार को पीरागढ़ी फ्लाईओवर के पास एक बंद कार के अंदर मिले तीन लोगों के शवों के सिलसिले में एक स्वयंभू ‘बाबा’ को गिरफ्तार किया है। यह इस मामले में पहली गिरफ्तारी है।
एक अधिकारी ने बताया कि आरोपी कमरुद्दीन पर हत्या का मामला दर्ज किया गया है। उसे पुलिस ने ‘मौलाना’ और तांत्रिक बताया है।
रविवार दोपहर को रणधीर (76), शिव नरेश सिंह (47) और लक्ष्मी देवी (40) एक कार के अंदर मृत पाए गए थे, जिसमें रणधीर चालक की सीट पर और अन्य दो पीछे की सीट पर बैठी हुई अवस्था में थे।
पुलिस ने बताया कि कमरुद्दीन करीब एक साल से तीनों के संपर्क में था और सीसीटीवी फुटेज में उसे उसी दिन पहले कार के चालक की बगल वाली सीट पर बैठे देखा गया था।
अधिकारी ने बताया कि घटनाक्रम और मौतों के पीछे के मकसद का पता लगाने के लिए उससे पूछताछ की जा रही है।