केरल में नौका हादसों के बाद लापता हुए तीन मछुआरों की तलाश जारी

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 08-08-2026
Search underway for three fishermen missing after boat accident in Kerala
Search underway for three fishermen missing after boat accident in Kerala

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
 केरल के तिरुवनंतपुरम और कोल्लम जिलों में मछली पकड़ने वाली नौकाओं से जुड़े अलग-अलग हादसों के बाद 31 जुलाई से लापता तीन मछुआरों की तलाश शनिवार को फिर शुरू की गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।

तलाश अभियान शनिवार को नौवें दिन भी जारी रहा। तिरुवनंतपुरम जिले के विड़िण्गम और मुथलापोझी तथा कोल्लम जिले के नींदकारा इलाके में तलाश की जा रही है।
 
पुथेनथुरा निवासी गौतम कृष्णा (26) नींदकारा में मछली पकड़ने वाली एक नौका के 31 जुलाई को पलट जाने के बाद से लापता है, इस हादसे में गौतम के पिता राधाकृष्णन (48) और उसके दादा राजीवन (74) की मौत हो गई थी।
 
अधिकारियों ने बताया कि गौतम की मां रेशमा के विरोध प्रदर्शन के बाद शुक्रवार से तलाश अभियान तेज कर दिया गया। इसके लिए तटीय पुलिस की अतिरिक्त नौकाएं तैनात की गई हैं तथा भारतीय तटरक्षक बल के हेलीकॉप्टरों और ड्रोन की भी मदद ली जा रही है।
 
इस बीच, विड़िण्गम तटीय पुलिस पुल्लुविला निवासी जॉन (54) की तलाश जारी रखे हुए है। वह भी 31 जुलाई को तिरुवनंतपुरम तट के पास एक अलग नौका हादसे के बाद से लापता है।
 
अधिकारियों ने बताया कि भारतीय तटरक्षक बल और मछुआरों की मदद से उसकी तलाश की जा रही है।