विधायक पूजा पाल के खाते से 1.55 लाख रुपये उड़ाए, प्राथमिकी दर्ज

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 19-09-2026
Rs 1.55 lakh siphoned from MLA Pooja Pal's account, FIR lodged
Rs 1.55 lakh siphoned from MLA Pooja Pal's account, FIR lodged

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
 उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले की चायल सीट से विधायक पूजा पाल ने फोनपे के माध्यम से अपने खाते से अनाधिकृत रूप से 1.55 लाख रुपये निकाले जाने के मामले में प्रयागराज के धूमनगंज थाना में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है।
 
पूजा पाल ने थाना में दी तहरीर में आरोप लगाया कि यूनियन बैंक ऑफ इंडिया में उनके खाते से 22 अगस्त से 13 सितंबर, 2026 के बीच फोनपे के माध्यम से लगभग 1,55,000 रुपये अनाधिकृत रूप से निकाल लिए गए।
 
विधायक ने आशंका जताई कि उनके आईफोन 17 को हैक करके इस घटना को अंजाम दिया गया।
 
धूमनगंज थाना के एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि विधायक पूजा पाल की तहरीर पर शुक्रवार को अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ सूचना प्रौद्योगिकी (संशोधन) अधिनियम, 2008 की धारा 66डी के तहत प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
 
उल्लेखनीय है कि प्रयागराज में माफिया अतीक अहमद के गिरोह द्वारा पूजा पाल के पति और तत्कालीन बसपा विधायक राजू पाल की कथित तौर पर दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।