Rajya Sabha elections: Controversy over giving second ballot to BJP MLA halts voting in Odisha for 30 minutes
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
"ओडिशा की चार राज्यसभा सीट के लिए सोमवार को हो रहे मतदान को एक भाजपा विधायक को दूसरा मतपत्र जारी किए जाने पर हुए विवाद के कारण लगभग आधे घंटे के लिए रोक दिया गया।
विपक्षी बीजू जनता दल (बीजद) के एजेंट ने भाजपा विधायक उपासना मोहपात्रा को दूसरा मतपत्र जारी किए जाने पर आपत्ति जताई। उन्होंने पहले अपने नाम से जारी किए गए मतपत्र पर 'ओवरराइटिंग' हो जाने के कारण दूसरा मतपत्र मांगा। बाद में, मोहपात्रा को अपना वोट डालने की अनुमति दे दी गई।
हालांकि, बीजद अध्यक्ष नवीन पटनायक ने भाजपा विधायक को दूसरा मतपत्र जारी किए जाने पर कड़ी आपत्ति जताई।
पटनायक ने पत्रकारों से कहा, ‘‘ब्रह्मगिरि की महिला विधायक ने मताधिकार का उपयोग करते समय स्पष्ट गलती की। हालांकि, मतदान कक्ष में मौजूद प्रभारी अधिकारियों ने अवैध रूप से उनके वोट को स्वीकार कर लिया और दूसरा मतपत्र जारी कर दिया।’’
उन्होंने कहा, ‘‘यह लोकतांत्रिक मानदंडों के बिल्कुल खिलाफ है और चुनाव नियमों का उल्लंघन है। हम इसका कड़ा विरोध करते हैं। हमारे कुछ सदस्यों ने यह मुद्दा उठाया है, लेकिन वे हमारी बात नहीं सुन रहे हैं और इस तरह लोकतांत्रिक चुनाव प्रक्रिया को नष्ट कर रहे हैं।’’
सत्तारूढ़ भाजपा के विधायक सरोज पाढ़ी ने कहा, ‘‘मतदाता को दूसरा मतपत्र जारी करने में कोई हर्ज नहीं है, अगर मतदाता ने पहला मतपत्र बूथ पर मौजूद पार्टी प्रतिनिधि को नहीं दिखाया है, तो उसे दूसरा मतपत्र दिया जा सकता है। पटनायक को राज्यसभा चुनाव के नियमों की जानकारी नहीं है।’’