राजस्थान दिवस 2026 : कार्यक्रमों की शुरुआत 14 मार्च से, मुख्य समारोह 19 को जालोर में

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 11-03-2026
Rajasthan Day 2026: Programs begin on March 14, main function on 19th in Jalore
Rajasthan Day 2026: Programs begin on March 14, main function on 19th in Jalore

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
इस साल भी 'राजस्थान दिवस' चैत्र शुक्ल प्रतिपदा को मनाया जाएगा और इसके कार्यक्रमों की शुरुआत 14 मार्च से होगी। अधिकारियों ने जानकारी देते हुए कहा कि मुख्य समारोह 19 मार्च को जालोर में होगा।

अधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की पहल पर पिछले वर्ष से चैत्र शुक्ल प्रतिपदा के अवसर पर राजस्थान दिवस मनाने की शुरूआत की गई थी, इसी क्रम में इस बार भी राज्य सरकार चैत्र शुक्ल प्रतिपदा (19 मार्च) को राजस्थान दिवस के उपलक्ष्य में विभिन्न कार्यक्रम एवं आयोजन करेगी।
 
उन्होंने बताया कि राज्य भर में 14 मार्च से कार्यक्रमों की शुरुआत सात दिवसीय स्वच्छता सप्ताह से होगी।
 
एक आधिकारिक बयान में कहा गया कि इस दौरान जयपुर में राज्य स्तरीय कार्यक्रम और सभी जिलों में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित होंगे।
 
इसमें कहा गया, ‘‘15 मार्च को जयपुर में राज्य स्तरीय ‘विकसित राजस्थान रन’ का आयोजन होगा, जिसे मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इसी दिन ‘राजस्थान को जानें’ डिजिटल प्रतियोगिता भी आयोजित होगी।’’