आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
कांग्रेस की राजस्थान इकाई के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने हाल में हुए शहरी निकाय चुनावों के दौरान पुलिस पर भाजपा सरकार के इशारे पर काम करने का आरोप लगाते हुए सोमवार को डीजीपी को एक ज्ञापन सौंपा।
दोनों नेताओं ने पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) राजीव शर्मा को ज्ञापन सौंपकर चुनाव के दौरान पुलिस की कथित भूमिका की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।
जूली ने मुलाकात के बाद पत्रकारों से बातचीत में आरोप लगाया कि पुलिस की जिम्मेदारी कानून-व्यवस्था बनाए रखने की है, लेकिन इसके बजाय उसका इस्तेमाल ‘पार्षदों को उठाने’ के लिए किया गया।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा, ‘‘हमने सबूतों के साथ अपनी शिकायत सौंपी है। हमने डीजीपी से निष्पक्ष जांच कराने का अनुरोध किया है और जांच में सच्चाई सामने आ जाएगी।’’
उन्होंने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत सरकार ने राजनीतिक उद्देश्यों के लिए पुलिस का इस्तेमाल कर राज्य पुलिस की छवि को खराब किया है।