आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
एक नए पश्चिमी विक्षोभ के असर से राजस्थान की राजधानी जयपुर सहित अनेक जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हुई है और अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
इसके अनुसार शुक्रवार सुबह तक के चौबीस घंटे में जयपुर, अलवर, सीकर व चूरू सहित अनेक जिलों में बूंदाबांदी से लेकर चार सेंटीमीटर तक बारिश हुई। खैरथल, हरसोली, पावटा व दौसा में सबसे अधिक चार-चार सेंटीमीटर बारिश हुई।
इस दौरान बूंदाबांदी के साथ तेज हवाएं चलने से अधिकतम तापमान में गिरावट आई है। बीते चौबीस घंटे में अधिकतम तापमान बाड़मेर में 35.8 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान जवाई डैम, पाली में 14 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार 30 अक्टूबर को भी पूर्वी राजस्थान के जयपुर, भरतपुर, उदयपुर, कोटा, अजमेर संभाग के कुछ भागों में तेज हवाओं के साथ कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
इसी तरह पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर, बीकानेर संभाग के पूर्वी भागों में आज बादल छाए रहने व कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की संभावना है। हालांकि, सीमावर्ती क्षेत्र के अधिकांश भागों में मौसम मुख्यतः सूखा रहेगा।