आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने चक्रवात ‘अकवान’ के मद्देनजर यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा रेलगाड़ियों का सुचारू संचालन बनाये रखने के लिए की गई व्यवस्थाओं की शुक्रवार को यहां समीक्षा की।
वैष्णव ने यहां रेल भवन स्थित ‘वॉर रूम’ जाकर रेलवे की तैयारियों का जायजा लिया।
रेल मंत्रालय की ओर से जारी एक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, मंत्री ने अधिकारियों को सतर्क रहने और स्थिति पर लगातार कड़ी नजर रखने का निर्देश दिया। उन्होंने यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने, रेलवे की संपत्तियों की रक्षा करने तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए राज्य सरकार और स्थानीय प्रशासन के साथ बेहतर समन्वय बनाये रखने की आवश्यकता पर जोर दिया।
अधिकारियों ने बताया कि चक्रवात के मद्देनजर एहतियात के तौर पर रद्द की गई रेल सेवाएं मौजूदा परिस्थितियों और यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए धीरे-धीरे बहाल की जा रही हैं।