Prime Minister Modi will inaugurate the 'Nitish Setu' built on the Ganga on Saturday.
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शनिवार को बिहार के वैशाली जिले में गंगा नदी पर बने पुल का उद्घाटन करेंगे जिसका नामकरण राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नाम पर किया गया है और इसके निर्माण पर 5,500 करोड़ रुपये से अधिक की लागत आई है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
प्रधानमंत्री इस साल मई के बाद पहली बार बिहार के दौरे पर आ रहे हैं। मई में उन्होंने बिहार में सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली सरकार के मंत्रिमंडल विस्तार के अवसर पर आयोजित समारोह में हिस्सा लिया था। सम्राट चौधरी बिहार में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पहले मुख्यमंत्री हैं।
9.76 किलोमीटर लंबा छह लेन का यह पुल वैशाली जिले के बिदुपुर प्रखंड को पटना के बाहरी इलाके में स्थित कच्ची दरगाह से जोड़ता है। पूर्व मुख्यमंत्री एवं जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के अध्यक्ष नीतीश कुमार के सम्मान में इसका नाम ‘नीतीश सेतु’ रखा गया है। नीतीश कुमार के मुख्यमंत्री रहते ही इस परियोजना की परिकल्पना की गई थी और उनके कार्यकाल में ही यह लगभग पूरी हुई।
करीब दो दशक तक बिहार के मुख्यमंत्री रहे नीतीश कुमार ने अप्रैल 2026 में मुख्यमंत्री पद छोड़ दिया था। उन्होंने वर्ष 2012 में इस परियोजना की शुरुआत की थी, हालांकि निर्माण कार्य 2015 में शुरू हुआ। इससे एक साल पहले केंद्र की तत्कालीन राजग सरकार ने बिहार को एशियाई विकास बैंक (एडीबी) से ऋण लेने में मदद की थी। एडीबी ने इस परियोजना के लिए कुल 3,472.15 करोड़ रुपये का ऋण दिया है।
राज्य सरकार के अनुसार, परियोजना पर उसने अपने संसाधनों से 2,099.54 करोड़ रुपये खर्च किए हैं। दोनों छोर पर संपर्क सड़कों को शामिल करने पर इस पुल की कुल लंबाई करीब 20 किलोमीटर हो जाती है।