राष्ट्रपति मुर्मू अंगोला और बोत्सवाना की छह दिवसीय यात्रा पर जाएंगी

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 06-11-2025
President Murmu will embark on a six-day visit to Angola and Botswana.
President Murmu will embark on a six-day visit to Angola and Botswana.

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू शनिवार से अंगोला और बोत्सवाना की छह दिवसीय यात्रा करेंगी। इस यात्रा का उद्देश्य अफ्रीकी महाद्वीप के साथ भारत की विकास साझेदारी को और विस्तारित करना है।
 
विदेश मंत्रालय के अनुसार, अपनी यात्रा के पहले चरण में राष्ट्रपति मुर्मू आठ से 11 नवंबर तक अंगोला का दौरा करेंगी। अंगोला से वह बोत्सवाना जाएंगी।
 
विदेश मंत्रालय में सचिव (आर्थिक संबंध) सुधाकर दलेला ने कहा, ‘‘राष्ट्रपति मुर्मू आठ से 13 नवंबर तक अंगोला और बोत्सवाना की राजकीय यात्रा पर रहेंगी। यह किसी भारतीय राष्ट्राध्यक्ष की अंगोला और बोत्सवाना की पहली राजकीय यात्रा होगी।’’
 
उन्होंने प्रेसवार्ता में कहा कि अफ्रीकी महाद्वीप के साथ भारत का जुड़ाव बढ़ रहा है और राष्ट्रपति मुर्मू की दोनों देशों की यात्रा को अफ्रीकी क्षेत्र के साथ साझेदारी बढ़ाने की भारत की प्राथमिकता के व्यापक संदर्भ में देखा जाना चाहिए।
 
दलेला ने कहा कि अफ्रीकी क्षेत्र के साथ भारत का व्यापार लगभग 100 अरब अमेरिकी डॉलर तक पहुंच रहा है।
 
उन्होंने बताया कि राष्ट्रपति अंगोला के राष्ट्रपति के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगी और अफ्रीकी राष्ट्र की स्वतंत्रता की 50वीं वर्षगांठ समारोह में शामिल होंगी।
 
दलेला ने बताया कि मुर्मू का अंगोला की संसद को संबोधित करने और उस देश में भारतीय समुदाय के सदस्यों से संवाद करने का भी कार्यक्रम है।।