President Murmu will arrive in Ranchi on Sunday for a three-day visit to Jharkhand.
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू तीन दिवसीय झारखंड दौरे पर रविवार को यहां पहुंचेंगी और इस दौरान वह जमशेदपुर, गुमला और रांची में कई कार्यक्रमों में भाग लेंगी।
राष्ट्रपति सोमवार को संथाली भाषा की ओल चिकी लिपि के शताब्दी समारोह में शामिल होंगी और राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) जमशेदपुर के 15वें दीक्षांत समारोह को संबोधित करेंगी।
रांची उपायुक्त मंजूनाथ भजनत्री ने एक बयान में कहा, ‘‘राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का झारखंड का तीन दिवसीय दौरा 28 से 30 दिसंबर तक होगा। राष्ट्रपति के दौरे के मद्देनजर रांची जिला प्रशासन ने सभी सुरक्षा और प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली हैं।’’
एक अधिकारी ने बताया कि राष्ट्रपति रविवार शाम रांची के बिरसा मुंडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरेंगी और सोमवार सुबह एक विशेष हेलिकॉप्टर से जमशेदपुर रवाना होंगी।
उन्होंने बताया कि राष्ट्रपति सोमवार को पूर्वी सिंहभूम जिले में जमशेदपुर के बाहरी इलाके करनडीह स्थित दिसोम जाहेरथान प्रांगण में जाएंगी जहां वह ‘ओल चिकी’ लिपि के शताब्दी समारोह के समापन कार्यक्रम में हिस्सा लेंगी। ‘ओल चिकी’ आंदोलन की शुरुआत 1925 में पंडित रघुनाथ मुर्मू ने की थी। यह कार्यक्रम अखिल भारतीय संथाली लेखक संघ और दिसोम जाहेरथान समिति संयुक्त रूप से आयोजित कर रहे हैं।
अखिल भारतीय संथाली लेखक संघ के महासचिव रवींद्र मुर्मू ने कहा, ‘‘वह (राष्ट्रपति) ‘ओल चिकी’ लिपि के निर्माता पंडित रघुनाथ मुर्मू की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि देंगी।’’
उन्होंने बताया कि राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और पश्चिम बंगाल के झाड़ग्राम से तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के सांसद तथा पद्मश्री से सम्मानित कालीपद सोरेन भी कार्यक्रम में शामिल होंगे।
इसके बाद राष्ट्रपति एनआईटी जमशेदपुर के 15वें दीक्षांत समारोह में भाग लेंगी।
राष्ट्रपति रात विश्राम के लिए रांची स्थित ‘लोक भवन’ लौटेंगी।