प्रधानमंत्री मोदी ने गुजरात के दो दिवसीय दौरे के दौरान भिलडी गांव में रोड शो किया

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 30-10-2026
PM Modi holds a roadshow in Bhildi village during his two-day visit to Gujarat
PM Modi holds a roadshow in Bhildi village during his two-day visit to Gujarat

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को गुजरात के बनासकांठा जिले के भिलडी कस्बे में रोड शो किया, जहां वह 14,000 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास करने तथा पीएम-किसान योजना की 24वीं किस्त जारी करने पहुंचे हैं।
 
मोदी ने मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी के साथ खुली जीप में सवार होकर गांव के हेलीपैड से बनास डेयरी संयंत्र तक रोड शो किया।
 
सड़क के दोनों ओर बड़ी संख्या में लोग उनके स्वागत के लिए जुटे थे। मोदी ने हाथ हिलाकर लोगों का अभिवादन किया। इस दौरान भीड़ ने उनके नाम के नारे लगाए।
 
लोगों के हाथों में तख्तियां भी थीं, जिन पर लिखा था, ‘‘जब तक भारत विकसित नहीं होगा, मोदी कहीं नहीं जाएंगे।’’
 
कुछ तख्तियों पर लिखा था, ‘‘जब तक भारत आत्मनिर्भर नहीं बन जाता, मोदी कहीं नहीं जाएंगे।” वहीं, एक अन्य तख्ती पर लिखा था, ‘‘जब तक भारत दुनिया की शीर्ष अर्थव्यवस्थाओं में शामिल नहीं हो जाता, मोदी कहीं नहीं जाएंगे।’’
 
इन नारों को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की हालिया टिप्पणी के जवाब के तौर पर देखा जा रहा है। खरगे ने हाल में पटना में एक कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री मोदी पर टिप्पणी की थी, जिस पर विवाद पैदा हो गया था। कार्यक्रम में एक व्यक्ति ने कहा था कि “प्रधानमंत्री कहीं नहीं जाने वाले हैं।” इसके जवाब में खरगे ने कहा था, ‘‘मोदी का बाप भी जाएगा।’’