आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (आईजीआई) हवाई अड्डे के संवेदनशील टर्मिनल-3 में जबरन प्रवेश करने की कोशिश करने वाला व्यक्ति हरियाणा का एक खिलाड़ी है, जो वैध वीजा नहीं होने के बावजूद विदेश जाने का इच्छुक था। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) ने बताया कि उसके जवानों ने बुधवार अपराह्न करीब तीन बजे व्यक्ति को पकड़कर सुरक्षा में संभावित सेंध लगाने से रोका। बाद में उसे पूछताछ के लिए दिल्ली पुलिस के हवाले कर दिया गया।
सीआईएसएफ ने बुधवार को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर घटना का 35 सेकंड का एक वीडियो साझा किया। इसमें पीठ पर बैग लटकाए एक व्यक्ति को हवाई अड्डे के टर्मिनल-3 के प्रवेश द्वार से जबरन भीतर घुसते देखा जा सकता है। उसके पीछे सीआईएसएफ का एक जवान दौड़ता है। इसी दौरान हथियारबंद एक अन्य जवान भी उसका पीछा करता है और दोनों उसे प्रवेश द्वार से कुछ ही दूरी पर टर्मिनल के भीतर पकड़ लेते हैं।
सीआईएसएफ ने कहा, ‘‘द्रुत प्रतिक्रिया दल (क्यूआरटी) के कर्मियों की समय पर मिली सहायता से व्यक्ति को कुछ ही सेकंड में पकड़ लिया गया, जिससे अनधिकृत प्रवेश को रोका जा सका और एक संभावित सुरक्षा चूक टल गई।’’
क्यूआरटी ने कहा, ‘‘असाधारण सतर्कता और त्वरित कार्रवाई का परिचय देते हुए आईजीआई हवाई अड्डे के टर्मिनल-3 के प्रस्थान द्वार पर तैनात सीआईएसएफ कर्मियों ने वैध यात्रा दस्तावेजों के बिना टर्मिनल में जबरन प्रवेश करने की कोशिश कर रहे एक व्यक्ति को तुरंत पकड़ लिया।’’