आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बृहस्पतिवार को भारतीय उद्योग जगत से घरेलू बाजार की सुविधाजनक स्थिति से बाहर निकलकर विनिर्माण और मूल्यवर्धन बढ़ाने तथा व्यापार समझौतों का लाभ उठाकर निर्यात का विस्तार करने का आह्वान किया।
उन्होंने कंपनियों से कहा कि वे दीर्घकालिक निवेश से जुड़े फैसलों में राष्ट्रीय हित को प्राथमिकता दें।
उद्योग मंडल फिक्की (फेडरेशन ऑफ इंडियन चैंबर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री) की वार्षिक आम बैठक को संबोधित करते हुए मोदी ने सरकार के कर और कारोबारी सुधारों का उल्लेख किया।
उन्होंने उद्योग जगत से आगे के सुधारों के लिए लिखित सुझाव देने को भी कहा और भरोसा दिलाया कि सरकार उनकी चिंताओं पर विचार करने को तैयार है।
उन्होंने कहा, ‘‘यह पुरानी सरकार नहीं है। यह ऐसी सरकार है जो आपकी मित्र है।’’
प्रधानमंत्री ने उद्योग जगत के प्रतिनिधियों से बिना किसी हिचकिचाहट के अपने सुझाव देने का आग्रह किया।
फिक्की के 100 वर्ष पूरे होने के मौके पर मोदी ने उद्योग जगत से अगले दो दशक में घरेलू क्षमताएं विकसित करने, आयात पर निर्भरता घटाने और देश तथा दुनिया में उभरती मांग को पूरा करने की तैयारी करने को कहा।