आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
केंद्रीय सहकारिता मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को कहा कि 2014 में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के पद संभालने के बाद देश के पशुपालन और डेयरी क्षेत्र में बड़ा बदलाव आया है और सिर्फ एक दशक में दूध उत्पादन में करीब 70 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।
शाह ने शुक्रवार को लद्दाख में डेयरी क्षेत्र में कुछ परियोजनाओं की नींव रखी और अन्य का उद्घाटन किया। साथ ही लद्दाख और करगिल में डेयरी क्षेत्र के बड़े विस्तार की योजनाओं की घोषणा की, जिसमें लेह में 50,000 लीटर प्रतिदिन की दूध प्रसंस्करण क्षमता वाला संयंत्र स्थापित करना शामिल है।
उन्होंने डेयरी क्षेत्र की कई परियोजनाओं की शुरुआत के अवसर पर कहा, ‘‘ 2014 में नरेन्द्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद देश के पशुपालन और डेयरी क्षेत्र में बड़ा परिवर्तन हुआ है। पशुपालन के लिए अलग विभाग बनाए जाने से कई क्रांतिकारी बदलाव हुए हैं।’’
शाह ने कहा कि देश का दूध उत्पादन 2014-15 में 14.3 करोड़ टन से बढ़कर 2024-25 में लगभग 24.8 करोड़ टन हो गया है, जो 10 वर्ष में लगभग 70 प्रतिशत वृद्धि है।
उन्होंने कहा, ‘‘ इस वृद्धि का लगभग 50 प्रतिशत हिस्सा पिछले पांच वर्षों में हासिल किया गया है।’’
मंत्री ने दूध को विशेषकर बच्चों के लिए पोषण का एक आवश्यक स्रोत बताते हुए कहा कि प्रति व्यक्ति दूध उपलब्धता 2014 में 307 ग्राम प्रतिदिन से बढ़कर वर्तमान में लगभग 485 ग्राम हो गई है।