पाकिस्तान के खेल संबंधी फैसलों का भारत पर कोई असर नहीं पड़ता: कश्मीर उपमुख्यमंत्री

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 02-02-2026
Pakistan's sports decisions have no impact on India: Kashmir Deputy Chief Minister
Pakistan's sports decisions have no impact on India: Kashmir Deputy Chief Minister

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
जम्मू-कश्मीर के उपमुख्यमंत्री सुरिंदर कुमार चौधरी ने सोमवार को कहा कि भारत के साथ खेल आयोजनों को लेकर पाकिस्तान के फैसलों का देश पर कोई असर नहीं पड़ेगा तथा इस बात पर जोर दिया कि राजनीति को खेल से अलग रखा जाना चाहिए।
 
पाकिस्तान ने आईसीसी टी-20 विश्वकप में भारत के खिलाफ ग्रुप मैच के बहिष्कार के अपने फैसले की घोषणा की, हालांकि वहां की सरकार ने सात फरवरी से शुरू होने वाली इस प्रतियोगिता के शेष मैचों में अपनी राष्ट्रीय टीम की भागीदारी को मंजूरी दी है।
 
चौधरी ने जम्मू-कश्मीर विधानसभा के बजट सत्र के पहले दिन पत्रकारों से कहा, ‘‘अगर पाकिस्तान नहीं खेलता है, तो क्या होगा? अगर यह उनका फैसला है, तो इससे हमें कोई फर्क नहीं पड़ता। भारत एक बड़ा देश है और पाकिस्तान की कार्रवाइयों का हमपर कोई प्रभाव नहीं पड़ता। इसलिए मेरा मानना ​​है कि हमें इस मुद्दे पर ज्यादा ध्यान नहीं देना चाहिए। हम पाकिस्तान या इस विषय पर आगे चर्चा नहीं करना चाहते।’’
 
उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि भारत हमेशा से राजनीति और खेल के बीच दखल का विरोध करता रहा है, क्योंकि इससे खेल की गरिमा को ठेस पहुंचती है। उन्होंने कहा, ‘‘खेल में कभी भी राजनीतिक हस्तक्षेप नहीं किया जाना चाहिए, क्योंकि ऐतिहासिक रूप से देखा गया है कि जब भी राजनीति इसके बीच आई है, इसने खेल के स्वरूप को नुकसान पहुंचाया है। इस सिद्धांत का पालन हर देश में होना चाहिए।’’