Over 57% of those seeking online medical consultation through e-Sanjeevani are women
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
ई-संजीवनी के जरिए चिकित्सा परामर्श लेने वालों में 57.14 प्रतिशत महिलाएं हैं जबकि 40.15 प्रतिशत परामर्श 46 वर्ष और उससे अधिक उम्र के लोगों ने लिए। सरकार ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
सरकार ने बताया कि इससे पता चलता है कि टेलीमेडिसिन की पहुंच महिलाओं और बुजुर्गों तक भी बढ़ रही है।
राष्ट्रीय मंच ई-संजीवनी पर टेलीमेडिसिन परामर्श की संख्या 50 करोड़ के आंकड़े को पार कर जाने के बाद यह जानकारी सामने आई।
ई-संजीवनी के जरिए मरीज देश के किसी भी कोने से चिकित्सकों से परामर्श ले सकते हैं।
स्वास्थ्य मंत्रालय ने एक बयान में बताया कि ई-संजीवनी ने 15 सितंबर, 2026 को यह महत्वपूर्ण आंकड़ा पार किया।
इस मंच के जरिए सभी 36 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में कुल 50,00,92,730 टेलीमेडिसिन परामर्श दिए जा चुके हैं।
इस मंच के जरिये हर दिन करीब ढाई से तीन लाख लोग अंग्रेजी और 14 भारतीय भाषाओं में चिकित्सकीय परामर्श प्राप्त कर रहे हैं।