वर्षा, ओलावृष्टि से फसलों को नुकसान का निष्पक्ष आकलन कर जल्द मदद दिलायें अधिकारी : आदित्यनाथ

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 08-04-2026
Officials should make an impartial assessment of crop damage due to rain and hailstorm and provide immediate relief: Adityanath
Officials should make an impartial assessment of crop damage due to rain and hailstorm and provide immediate relief: Adityanath

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली 

 
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के विभिन्न हिस्सों में असमय वर्षा, ओलावृष्टि तथा कुछ स्थानों पर आग लगने की घटनाओं से फसलों को हुए नुकसान पर चिंता जाहिर करते हुए अधिकारियों को त्वरित, पारदर्शी एवं संवेदनशील कार्रवाई के निर्देश दिये हैं।
 
मुख्यमंत्री ने बुधवार सुबह इस सिलसिले में आयोजित एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में कहा कि इस विपरीत परिस्थिति में अन्नदाता का चिंतित होना स्वाभाविक है और राज्य सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ किसानों के साथ खड़ी है।
 
राज्य सरकार द्वारा जारी एक बयान के मुताबिक मुख्यमंत्री ने निर्देश दिये कि बेमौसम बारिश और ओले गिरने से प्रभावित हुए हर किसान एवं बटाईदार के नुकसान का सटीक, निष्पक्ष एवं समयबद्ध आकलन कर तत्काल क्षतिपूर्ति सुनिश्चित की जाए।
 
उन्होंने कहा कि जिला स्तर पर राजस्व, कृषि एवं अन्य संबंधित विभागों के बीच प्रभावी समन्वय स्थापित करते हुए जल्द सर्वेक्षण करके रिपोर्ट शासन को भेजी जाए, ताकि राहत वितरण में किसी प्रकार का विलंब न हो।
 
मुख्यमंत्री ने बीमा कंपनियों के साथ सक्रिय समन्वय स्थापित कर फसल बीमा दावों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए और कहा कि अधिकारी खुद किसानों से संपर्क कर उन्हें बीमा योजनाओं का लाभ दिलाना सुनिश्चित करें।
 
आदित्यनाथ ने राजस्व विभाग को निर्देश दिया कि हर जिले को राज्य आपदा राहत कोष से पर्याप्त धनराशि तत्काल उपलब्ध कराई जाए।