अगर ‘संघी समूह’ और अन्नाद्रमुक चुनाव जीत जाते हैं तो तमिलनाडु पिछड़ा राज्य बन जाएगा: उदयनिधि

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 08-04-2026
Tamil Nadu will become a backward state if the Sanghi group and AIADMK win the elections: Udhayanidhi
Tamil Nadu will become a backward state if the Sanghi group and AIADMK win the elections: Udhayanidhi

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली 

 
द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) के नेता उदयनिधि स्टालिन ने बुधवार को दावा किया कि अगर ‘संघी समूह’ और ‘‘उसे संरक्षण देने वाली अन्नाद्रमुक’’ 23 अप्रैल को होने वाला विधानसभा चुनाव जीत जाते हैं, तो तमिलनाडु एक पिछड़ा राज्य बन जाएगा।
 
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के लिए स्पष्ट तौर पर ‘‘संघी’’ शब्द का प्रयोग करते हुए उप मुख्यमंत्री ने लोगों से ऑल इंडिया अन्‍ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (अन्नाद्रमुक) के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) को चुनाव में स्वीकार नहीं करने का आह्वान किया और कहा कि अगर ऐसा नहीं हुआ तो राज्य पिछड़ जाएगा।
 
उन्होंने तर्क दिया कि आगामी चुनाव राजग को हराने और राज्य में अधिक विकास के लिए द्रमुक को सत्ता में वापस लाने के लिए बहुत महत्वपूर्ण है।
 
उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘इससे दिल्ली में मौजूद उस सरकार के इरादे भी विफल हो जाएंगे जो तमिलनाडु को धनराशि देने के लिए अनिच्छुक है।’’
 
पास के तिरुवल्लूर जिले के आवडी और तिरुट्टानी में द्रमुक के नेतृत्व वाले गठबंधन के उम्मीदवारों के लिए प्रचार करते हुए द्रमुक की युवा शाखा के प्रमुख ने पार्टी सदस्यों से कहा, ‘‘चुनाव की उल्टी गिनती शुरू हो गई है। हमारे पास केवल 15 दिन बचे हैं। घर-घर जाकर प्रचार करें, लोगों को द्रमुक के कार्यक्रमों और योजनाओं के बारे में बताएं और सुनिश्चित करें कि पार्टी को शानदार जीत मिले।’’