आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) ने राष्ट्रीय राजधानी में बढ़ते प्रदूषण के खिलाफ बुधवार को प्रदर्शन किया और बिगड़ती वायु गुणवत्ता से निपटने तथा लोगों के स्वास्थ्य की रक्षा के लिए तत्काल कदम उठाने की मांग की।
यह प्रदर्शन रायसीना रोड स्थित एनएसयूआई मुख्यालय में किया गया। इसका नेतृत्व संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ ने किया।
छात्र संगठन ने कहा कि इस प्रदर्शन के जरिये बढ़ते प्रदूषण संकट और आम लोगों के स्वास्थ्य तथा रोजमर्रा की जिंदगी पर इसके प्रतिकूल प्रभाव को उजागर किया गया।
प्रदर्शन के दौरान एनएसयूआई के सदस्यों और छात्रों ने नाक पर ऑक्सीजन मास्क लगा रखे थे और उनके हाथों में ‘स्वस्थ दिल्ली के लिए छात्रों की स्वच्छ हवा की मांग’ लिखी तख्तियां थीं।
यह प्रदर्शन ऐसे समय हुआ है, जब सर्दियों की शुरुआत के साथ दिल्ली में वायु गुणवत्ता लगातार खराब बनी हुई है। बृहस्पतिवार को दोपहर एक बजे औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 330 दर्ज किया गया, जो ‘बहुत खराब’ श्रेणी में आता है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, आने वाले दिनों में स्थिति और बिगड़ सकती है।