आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
समाजवादी पार्टी (सपा) के राज्यसभा चुनाव के लिए तीसरा उम्मीदवार उतारने को लेकर जारी अटकलों के बीच पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने मंगलवार को कहा कि फिलहाल उनका ध्यान राज्यसभा की तीन सीट पर नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर है।
यादव ने पहले कहा था कि जरूरी संख्या बल जुटाने के बाद ही उनकी पार्टी तीसरा उम्मीदवार उतारेगी।
उन्होंने मंगलवार सुबह सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘अब हमारी निगाह तीन पर नहीं, चार सौ तीन पर है।’’
राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख आज है। नामांकन पत्रों की जांच सात अक्टूबर को होगी और नौ अक्टूबर तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। मतदान 16 अक्टूबर को होगा।
सूत्रों ने बताया कि अखिलेश के इस पोस्ट से यह संदेश जाता है कि पार्टी शायद अब तीसरा उम्मीदवार न उतारे।
सपा पहले ही वरिष्ठ नेता राम गोपाल यादव और रिलायंस इंडस्ट्रीज से जुड़े धनराज परिमल नाथवानी को राज्यसभा उम्मीदवार घोषित कर चुकी है। दोनों लखनऊ में नामांकन दाखिल कर चुके हैं।