आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
गौतम बुद्ध नगर पुलिस ने श्रमिकों के हालिया विरोध प्रदर्शनों के बाद श्रमिकों एवं औद्योगिक इकाइयों की शिकायतें सुनने के लिए अस्थायी तौर पर पुलिस उपायुक्त (उद्योग) का पद सृजित किया है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
जिला पुलिस ने सोमवार को जारी बयान में बताया कि इस नए पद को एक सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी-उद्योग), तीन निरीक्षकों और विभिन्न रैंक के 25 अन्य कर्मियों का सहयोग मिलेगा।
डीसीपी (उद्योग) का आधिकारिक नंबर भी जारी किया गया है।
बयान में कहा गया कि यह फैसला जिले में पुलिस, औद्योगिक इकाइयों और श्रमिकों के बीच समन्वय मजबूत करने के उद्देश्य से किया गया है।
इस पद से संबंधित विस्तृत प्रस्ताव तैयार करने की जिम्मेदारी अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था) और एक डीसीपी को सौंपी गई है, जो तीन दिन के भीतर इसे लखनऊ स्थित उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक और राज्य गृह विभाग को सौंपेंगे।
बयान में कहा गया कि इसके साथ ही एक व्यापक मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) भी तैयार की जा रही है।
अधिकारियों ने बताया कि गौतम बुद्ध नगर पुलिस कमिश्नरेट के तीन जोन में करीब 15,000 पंजीकृत औद्योगिक इकाइयां आती हैं, जिनमें लघु, मध्यम और बड़े उद्योगों के साथ-साथ बहुराष्ट्रीय कंपनियां भी शामिल हैं।