लक्षद्वीप के मुसलमानों की देशभक्ति पर कोई शक नहीं कर सकताः राजनाथ सिंह

Story by  मलिक असगर हाशमी | Published by  [email protected] | Date 03-10-2021
राजनाथ सिंह
राजनाथ सिंह

 

आवाज द वाॅयस / नई दिल्ली

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि दुनिया में कोई भी लक्षद्वीप में मुस्लिम आबादी या अन्य निवासियों की देशभक्ति पर सवाल उठाने या सवाल करने की हिम्मत नहीं कर सकता. वे वहां संकट पैदा कर रहे हैं या देश के खिलाफ हैं.
 
ऐसे कहने वाला दरअसल, लोगों को भड़काने वाली भारत विरोधी ताकतें हैं.राजनाथ सिंह यहां महात्मा गांधी की 152वीं जयंती समारोह में बोल रहे थे. उन्होंने कहा कि लक्षद्वीप में मुस्लिम आबादी की देशभक्ति पर किसी ने शक करने की हिम्मत नहीं की. लक्षद्वीप के लोगों की देशभक्ति पर किसी ने सवाल नहीं उठाए.
 
राजनाथ सिंह राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा का अनावरण करने के बाद यहां लोगों को संबोधित कर रहे थे. कार्यक्रम के दौरान, राजनाथ सिंह ने जलवायु परिवर्तन और ग्लोबल वार्मिंग के मुद्दे को देखते हुए समुद्र के बढ़ते स्तर से लक्षद्वीप के अस्तित्व के लिए उत्पन्न खतरे का भी उल्लेख किया.
 
उन्होंने कहा कि कार्बन उत्सर्जन को कम करने की दिशा में सरकार की सकारात्मक दिशा को देखते हुए अगले साल एक जुलाई से डिस्पोजेबल प्लास्टिक और संबंधित उत्पादों के निर्माण, उपयोग और खपत पर प्रतिबंध लगाने का निर्णय लिया गया है.
 
केंद्रीय रक्षा मंत्री ने कहा कि लक्षद्वीप में उग्रवाद और आतंकवाद को बढ़ावा देने के प्रयास किए गए हैं, लेकिन ये सभी प्रयास विफल रहे हैं. उन्होंने केंद्र प्रशासित क्षेत्र के लोगों को इसके लिए बधाई दी.उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने आतंकवाद के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है, लेकिन जहां तक ​​उग्रवाद का सवाल है, तो सरकार ने इतना सख्त रुख नहीं अपनाया, बल्कि उग्रवाद के रास्ते पर चलने वालों को सही राह दिखाया गया. उन्हें मुख्यधारा में वापस लाने की कोशिशें चल रही हैं.
 
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि कुछ निहित स्वार्थी तत्व वर्तमान केंद्र सरकार को अल्पसंख्यक विरोधी बता रहे हैं, जो गलत और झूठा आरोप है. रक्षा मंत्री ने कहा कि द्वीप के लोग महात्मा गांधी के सिद्धांतों के सच्चे अनुयायी हैं. उनके बीच जाति, नस्ल या धर्म के आधार पर कोई नफरत नहीं है.