NEET question paper leak has jeopardized the future of 23 lakh students: Tejashwi Yadav
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी यादव ने मंगलवार को राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) रद्द किए जाने को लेकर केंद्र सरकार पर तंज कसा।
उन्होंने कहा कि परीक्षा रद्द होने से 23 लाख छात्रों के भविष्य के साथ एक बार फिर खिलवाड़ हुआ है।
यादव ने एक बयान जारी कर कहा कि बिहार और देश में प्रश्न पत्र लीक की घटनाओं का “अंतहीन सिलसिला” थमने का नाम नहीं ले रहा है।
उन्होंने कहा कि यह स्थिति सरकार की प्रशासनिक क्षमता, इच्छाशक्ति और सक्रियता पर गंभीर सवाल खड़े करती है।
उन्होंने कहा, “क्या भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाली राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की सरकारों में इतनी भी प्रशासनिक क्षमता और इच्छाशक्ति नहीं है कि एक सामान्य परीक्षा का आयोजन बिना पेपर लीक के सुनियोजित ढंग से कराया जा सके, या फिर यह भी कोई ऐसा दांव है जिससे जनता की परेशानी के बीच सत्ता को लाभ मिलता रहे।”
बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष ने आरोप लगाया कि सत्ता के संरक्षण में लगातार हो रहे प्रश्न पत्र लीक से सरकार की नीति और नीयत दोनों पर सवाल उठ रहे हैं।
उन्होंने कहा कि केवल दिखावटी जांच कराने के बजाय सरकार को आत्मनिरीक्षण करने की जरूरत है।