एनडीआरएफ की सेवा गत तीन साल में सबसे अधिक डूबने से जुड़ी घटनाओं के लिए ली गईं: आंकड़े

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 17-11-2026
NDRF's services were used for the highest number of drowning incidents in the last three years: data
NDRF's services were used for the highest number of drowning incidents in the last three years: data

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ)के कर्मियों की वर्ष 2023-25 (तीन साल) के दौरान सबसे अधिक तैनाती इमारतों के ढहने या भूस्खलन की घटनाओं के लिए नहीं बल्कि डूबने की घटनाओं से निपटने के लिए की गई थी। एक आधिकारिक आंकड़े में यह जानकारी सामने आई है।

आंकड़ों के मुताबिक बल के कुल 31 प्रतिशत कर्मियों की तैनाती डूबने से जुड़ी घटनाओं में मदद के लिए की गई।
 
‘पीटीआई-भाषा’ को प्राप्त आधिकारिक आंकड़ों में खुलासा हुआ है कि डूबने की घटनाओं के बाद, राष्ट्रीय/वीवीआईपी/खेल/संसदीय कार्यों और बाढ़ बचाव/राहत अभियानों में एनडीआरएफ कर्मियों की सबसे अधिक तैनाती रही। एनडीआरएफ के कुल अभियानों में इनका हिस्सा क्रमशः 18.42 प्रतिशत और 17 प्रतिशत रहा।
 
एनडीआरएफ के एक वरिष्ठ अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘ देश में हर दिन 100 से अधिक लोगों की मौत डूबने से हो जाती है लेकिन इसके बावजूद ये घटनाएं बाढ़, भूस्खलन या भूकंप की तरह सुर्खियां नहीं बनतीं।’’
 
उन्होंने कहा, ‘‘हर साल डूबने की घटनाओं से निपटने के लिए एनडीआरएफ की अधिकतम टीमें तैनात की जाती हैं, ताकि नदियों, तालाबों, झरनों और अन्य जल निकायों के पास होने वाली दुर्घटनाओं और जान-माल के नुकसान को रोका जा सके।’’