बांकीपुर उपचुनाव में हार के कारणों की समीक्षा करेगा राजग: श्रवण कुमार

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 04-08-2026
NDA will review the reasons for the defeat in the Bankipur by-election: Shravan Kumar
NDA will review the reasons for the defeat in the Bankipur by-election: Shravan Kumar

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
बिहार सरकार के मंत्री एवं जनता दल (यूनाइटेड) (जद-यू) के वरिष्ठ नेता श्रवण कुमार ने बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के परिणाम को ‘‘उम्मीदों के विपरीत’’ बताते हुए मंगलवार को कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) और उसके घटक दल हार के कारणों की विस्तृत समीक्षा करेंगे।
 
जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर ने सोमवार को बांकीपुर विधानसभा सीट पर जीत दर्ज की। यह सीट भाजपा का गढ़ मानी जाती थी, जिस पर पार्टी 1995 के बाद से कभी नहीं हारी थी।
 
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के अप्रैल में राज्यसभा के लिए निर्वाचित होने और विधानसभा सदस्यता से इस्तीफा देने के कारण रिक्त हुई बांकीपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव कराया गया था।
 
चुनावी रणनीतिकार के रूप में पहचान रखने वाले किशोर ने 64,151 मत हासिल किए और भाजपा के उम्मीदवार नीरज कुमार सिन्हा को 19,324 मतों के अंतर से पराजित किया।
 
सिन्हा को पार्टी ने अंतिम समय में तब उम्मीदवार बनाया था, जब पूर्व में घोषित प्रत्याशी अभिषेक ‘‘बंटी’’ ने ‘‘पारिवारिक कारणों’’ का हवाला देते हुए अपना नाम वापस ले लिया था।
 
श्रवण कुमार ने कहा, ‘‘बांकीपुर उपचुनाव का परिणाम निश्चित रूप से हमारी अपेक्षाओं के विपरीत है। राजग, जद(यू) तथा अन्य सहयोगी दल इसकी विस्तृत समीक्षा करेंगे। समीक्षा के बाद ही हार के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।’’
 
जद(यू) विधायक अनंत सिंह ने दावा किया कि लोगों के बीच यह धारणा बन गई है कि नीतीश कुमार को जबरन मुख्यमंत्री पद से हटाया गया।
 
उन्होंने कहा, ‘‘यह सही नहीं है, लेकिन लोगों के बीच ऐसी धारणा है कि नीतीश कुमार को जबरन मुख्यमंत्री पद से हटाया गया। लोगों को लगता है कि जिस व्यक्ति ने इतने वर्षों तक उनके विकास के लिए काम किया, उसे पद से हटा दिया गया। यह धारणा भी राजग की हार का एक कारण हो सकती है।’’