आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
नेशनल कॉन्फ्रेंस (नेकां) के नेताओं ने बृहस्पतिवार को पार्टी अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला पर हुए हमले की कड़ी निंदा की और मामले की गहन जांच की मांग की।
नेताओं यह भी मांग की कि प्रशासन अब्दुल्ला की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करे और सुरक्षा प्रोटोकॉल की व्यापक समीक्षा करे।
अधिकारियों ने बताया कि अब्दुल्ला बुधवार रात शादी समारोह से बाहर निकल रहे थे तभी एक बंदूकधारी ने पीछे से आकर उन पर गोली चलाई, जिसमें वह बाल-बाल बच गए।
घटना के दौरान अब्दुल्ला के साथ उपमुख्यमंत्री सुरिंदर चौधरी और मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के सलाहकार नासिर असलम वानी भी मौजूद थे।
पार्टी की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष रतन लाल गुप्ता ने कहा, "ईश्वर का शुक्र है कि हमारे साहब (फारूक अब्दुल्ला) सुरक्षित हैं। यह वास्तव में एक गंभीर घटना है। यह सुरक्षा में एक बड़ी चूक है, जिसे हल्के में नहीं लिया जा सकता। पुलिस को इसकी गहन जांच करनी चाहिए।"
यूथ नेशनल कॉन्फ्रेंस के प्रदेश अध्यक्ष तेजिंदर पाल सिंह अमन ने फारूक अब्दुल्ला पर हुए हमले को एक "बेहद दुखद घटना" करार दिया।
अमन ने यहां पत्रकारों से कहा, "हमला करने वाला व्यक्ति अभी (पुलिस) हिरासत में है। ...इतनी भारी सुरक्षा के बावजूद वह व्यक्ति बंदूक के साथ वहां पहुंचने में कैसे कामयाब रहा? यह सुरक्षा में एक बड़ी चूक है।"
अमन ने चेतावनी देते हुए कहा कि ऐसी घटनाएं जम्मू कश्मीर के राजनीतिक नेतृत्व के लिए गंभीर खतरा पैदा कर सकती हैं।