आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
महाराष्ट्र के नवी मुंबई में ट्रांसजेंडर समुदाय के सदस्यों ने लोगों से 15 जनवरी को होने वाले महानगरपालिका चुनाव में बढ़-चढ़कर मतदान करने की अपील की। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि ट्रांसजेंडर समुदाय के कुछ सदस्यों ने शनिवार को नवी मुंबई महानगरपालिका के निर्वाचन विभाग के मतदाता जागरूकता ब्रोशर वितरित किए, वाशी क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर लोगों से बातचीत की और जनता से चुनाव प्रक्रिया में सक्रिय रूप से हिस्सा लेने की अपील की।
अधिकारियों के मुताबिक, ट्रांसजेंडर समुदाय के सदस्यों ने मतदाताओं के लिए अपने संदेश में कहा, “हम मतदान करेंगे, आपको भी मतदान करना चाहिए।”
नवी मुंबई महानगरपालिका ने एक विज्ञप्ति में कहा कि यह पहल आगामी चुनावों में 100 फीसदी मतदान सुनिश्चित करने के मकसद से चलाए जा रहे व्यापक ‘स्वीप’ (व्यवस्थित मतदाता शिक्षा और चुनावी भागीदारी) अभियान का हिस्सा है।
विज्ञप्ति में कहा गया है कि महिला समूहों, गैर-सरकारी संगठनों और वरिष्ठ नागरिक संगठनों के माध्यम से स्कूल-कॉलेज में मतदाता जागरूकता अभियान पहले से ही चलाए जा रहे हैं, लेकिन ट्रांसजेंडर समुदाय की भागीदारी नवी मुंबई की समावेशी संस्कृति को दर्शाती है, जहां हर आवाज मायने रखती है और हर नागरिक की अहम भूमिका है।