आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
मतों की गिनती शुक्रवार सुबह शुरू होने के बाद शुरुआती रुझानों के अनुसार, बृहन्मुंबई महानगर पालिका (बीएमसी) चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और उसकी सहयोगी शिवसेना आगे हैं।
राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से हालांकि कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई, लेकिन टीवी चैनलों ने बताया कि मुंबई के 227 वार्ड में से 16 में भाजपा आगे है जबकि उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना 10 वार्ड में आगे है।
मतों की गिनती सुबह 10 बजे शुरू हुई।
करीब दो दशक बाद साथ आए ठाकरे चचेरे भाई मुंबई में सत्तारूढ़ गठबंधन से पीछे हैं। उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) 10 और राज ठाकरे के नेतृत्व वाली महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) छह सीट पर आगे है।
विभिन्न टीवी चैनल की खबरों के अनुसार, शिंदे का गढ़ माने जाने वाले ठाणे में उनकी पार्टी 131 वार्ड में से नौ में आगे है जबकि भाजपा छह वार्ड में आगे है।
पुणे में भाजपा अपनी सहयोगी राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) पर हावी नजर आई। भाजपा 165 वार्ड में से 32 में आगे है जबकि उपमुख्यमंत्री अजित पवार के नेतृत्व वाली राकांपा 14 सीट पर आगे है।
‘एग्जिट पोल’ (चुनाव बाद सर्वेक्षण) में बृहस्पतिवार को हुए 29 नगर निगमों के चुनाव में सत्तारूढ़ महायुति गठबंधन की भारी जीत का अनुमान जताया गया है।
अधिकारियों के अनुसार, बीएमसी के चुनाव में 52.94 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया जो 2017 में हुए 55.53 प्रतिशत मतदान से कम है।