मुंबई बारिश : 15 घंटे बाद हार्बर लाइन पर लोकल ट्रेन सेवाएं बहाल

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 20-08-2025
Mumbai rains: Local train services resume on Harbour Line after 15 hours
Mumbai rains: Local train services resume on Harbour Line after 15 hours

 

मुंब

मुंबई में मूसलाधार बारिश से पटरियों के जलमग्न होने के कारण ठप हुई हार्बर लाइन की लोकल ट्रेन सेवाएं करीब 15 घंटे बाद बुधवार तड़के 3 बजे बहाल कर दी गईं। अधिकारियों ने जानकारी दी कि स्थिति धीरे-धीरे सामान्य हो रही है।

मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी स्वप्निल नीला ने बताया कि मंगलवार सुबह 11:15 बजे पानी भर जाने के कारण हार्बर लाइन पर सेवाएं बंद करनी पड़ी थीं। पटरियों से पानी घटने के बाद बुधवार तड़के परिचालन फिर से शुरू किया गया।

उन्होंने कहा, “फिलहाल, सभी लाइनों पर सेवाएं शुरू कर दी गई हैं।”

बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त

भारी बारिश के चलते मंगलवार को पहले हार्बर लाइन और फिर मध्य रेलवे की मुख्य लाइन पर परिचालन रोकना पड़ा। दक्षिण मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (CSMT) और ठाणे के बीच मुख्य लाइन की सेवाएं मंगलवार शाम 7:30 बजे बहाल हो गई थीं। लेकिन नवी मुंबई और दक्षिण मुंबई को जोड़ने वाली हार्बर लाइन की ट्रेनें आधी रात तक प्रभावित रहीं।

अधिकारियों ने बताया कि हार्बर लाइन के कई हिस्सों में पटरियां 15 इंच तक पानी में डूबी थीं।

यात्रियों से अपील

मध्य रेलवे के मुंबई मंडल के मंडल रेलवे प्रबंधक ने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा, “आईएमडी (भारत मौसम विज्ञान विभाग) ने मुंबई में भारी बारिश का पूर्वानुमान जताया है। यात्रियों से अपील है कि केवल आवश्यक होने पर ही यात्रा करें और सावधानी बरतें।”

इधर, पश्चिमी रेलवे ने भी जानकारी दी कि मंगलवार को हुई तेज बारिश और जलभराव के चलते कुछ उपनगरीय सेवाओं को रद्द करना पड़ा।