Mumbai-Pune Expressway's 'Missing Link' project inaugurated, travel time to be reduced
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर बहुप्रतीक्षित 13.3 किलोमीटर लंबी ‘मिसिंग लिंक’ परियोजना का शुक्रवार को उद्घाटन किया।
यह परियोजना खड़ी चढ़ाई वाले पहाड़ी दर्रे के हिस्से से बाहर-बाहर गुजरती है और इसका उद्देश्य सड़क सुरक्षा में सुधार करना एवं दोनों प्रमुख शहरों के बीच यात्रा की दूरी को कम करना है।
इस परियोजना का उद्घाटन महाराष्ट्र स्थापना दिवस के अवसर पर किया गया।
मुख्यमंत्री फडणवीस ने एक्सप्रेसवे के खालापुर (रायगढ़ जिला) छोर पर ‘मिसिंग लिंक’ का उद्घाटन किया और इसके बाद परियोजना के लोनावला जाने वाले मार्ग पर वाहन चलाया। इस दौरान उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे वाहन में उनके पास बैठे थे।
‘मिसिंग लिंक’ परियोजना मुंबई की ओर खोपोली को पुणे जिले में लोनावला के पास कुसगांव से जोड़ती है। इससे एक्सप्रेसवे को पूरी तरह नियंत्रित प्रवेश वाला बनाए जाने और घाट यानी पहाड़ी दर्रे वाले हिस्से में यातायात दबाव कम करने में मदद मिलने की उम्मीद है।
महाराष्ट्र राज्य सड़क विकास निगम (एमएसआरडीसी) द्वारा 6,700 करोड़ रुपये की लागत से विकसित इस परियोजना में दो सुरंगें, दो पुल और ‘टाइगर वैली’ पर एक केबल आधारित पुल शामिल है। यह खड़ी चढ़ाई वाले और दुर्घटना संभावित खंडाला या भोर घाट वाले हिस्से के बाहर-बाहर नया मार्ग उपलब्ध कराती है। इस घाट पर विशेष रूप से सप्ताहांत और सार्वजनिक अवकाश के दिनों में अक्सर यातायात जाम हो जाता है।