मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे प्रतीक का निधन, मुख्यमंत्री ने शोक व्यक्त किया

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 13-05-2026
Mulayam Singh Yadav's younger son Prateek passes away, Chief Minister expresses condolences
Mulayam Singh Yadav's younger son Prateek passes away, Chief Minister expresses condolences

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली 

 
समाजवादी पार्टी (सपा) संस्थापक मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे, अखिलेश यादव के सौतेले भाई और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता अपर्णा यादव के पति प्रतीक यादव का बुधवार सुबह लखनऊ में निधन हो गया। वह लगभग 38 वर्ष के थे।
 
अखिलेश यादव ने अपने सौतेले भाई प्रतीक के निधन पर शोक व्यक्त किया है।
 
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी प्रतीक के निधन पर शोक व्यक्त किया।
 
पारिवारिक सूत्रों के मुताबिक प्रतीक को तबीयत खराब होने पर सुबह लखनऊ के सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
 
उनकी मौत की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।
 
सूत्रों के अनुसार प्रतीक को कुछ समय पहले बीमार होने पर यहां के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था लेकिन वह कुछ दिनों में तबीयत ठीक होने पर घर लौट आए थे।
 
प्रतीक यादव सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव और उनकी दूसरी पत्नी साधना गुप्ता के पुत्र थे। उनकी पत्नी भाजपा नेता अपर्णा यादव इस वक्त उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष हैं।
 
अखिलेश यादव ने अपने भाई के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए अपने संदेश में इसे 'बेहद दुखद' करार दिया।
 
वहीं समाजवादी पार्टी ने 'एक्स' पर एक शोक संदेश में कहा,‘‘ प्रतीक यादव का निधन, अत्यंत दुखद! ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें। विनम्र श्रद्धांजलि!’’
 
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रतीक यादव के निधन पर शोक व्यक्त किया है।
 
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर अपने शोक संदेश में कहा, "उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री, पद्म विभूषण, स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव के पुत्र एवं उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव के पति प्रतीक यादव का आकस्मिक निधन अत्यंत दुःखद है। विनम्र श्रद्धांजलि।"
 
उन्होंने कहा, "मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को सद्गति एवं शोकाकुल परिजनों को यह अथाह दु:ख सहन करने की शक्ति प्रदान करें। ॐ शांति!"