मुंबई
महाराष्ट्र साइबर पुलिस ने खुलासा किया है कि जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत पर साइबर हमलों की बाढ़ आ गई. अधिकारियों के अनुसार, 22 अप्रैल के बाद से भारत की डिजिटल प्रणाली पर 10 लाख से अधिक साइबर हमले किए गए हैं, जिनमें पाकिस्तान समेत कई विदेशी हैकिंग समूह शामिल हैं.
महाराष्ट्र साइबर विभाग के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक यशस्वी यादव ने बताया,“पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत के खिलाफ साइबर हमलों में जबरदस्त वृद्धि हुई है। कुल मिलाकर 10 लाख से अधिक साइबर हमले दर्ज किए गए हैं.”
यादव के मुताबिक, इन साइबर हमलों का स्रोत पाकिस्तान, मध्य एशिया, इंडोनेशिया और मोरक्को जैसे देशों से जुड़ा है. इन हमलों में भारत की सरकारी वेबसाइटों और डिजिटल पोर्टलों को निशाना बनाया गया.
उन्होंने यह भी बताया कि कई हैकिंग समूहों ने खुद को इस्लामी संगठन बताया है और यह संभव है कि यह भारत के खिलाफ एक संगठित साइबर युद्ध का हिस्सा हो. हालांकि, राज्य पुलिस की साइबर अपराध शाखा ने समय रहते कई हमलों को विफल कर दिया है.