राजस्थान में कमजोर होगा मानसून, अगले हफ्ते तक अधिकांश हिस्सों में शुष्क मौसम का अनुमान

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 13-07-2026
Monsoon to weaken in Rajasthan, dry weather forecast for most parts till next week
Monsoon to weaken in Rajasthan, dry weather forecast for most parts till next week

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
राजस्थान में दक्षिण-पश्चिम मानसून का पहला चरण कमजोर पड़ गया है। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में अगले एक सप्ताह तक मानसून की गतिविधियां कमजोर रहने की संभावना है।
 
विभाग ने बताया कि इस दौरान प्रदेश के अधिकतर हिस्सों में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने का अनुमान है। पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर और बीकानेर संभाग के ज्यादातर क्षेत्रों में पूरे सप्ताह बारिश की गतिविधियां कम रहने की संभावना है।
 
हालांकि, 14 और 15 जुलाई को कमजोर मौसम तंत्र के प्रभाव से बीकानेर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू और आसपास के जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है।
 
पूर्वी राजस्थान में भी अगले पांच से छह दिनों तक मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार, 13 से 15 जुलाई के बीच शेखावाटी क्षेत्र के अलावा जयपुर और भरतपुर संभाग के कुछ इलाकों में हल्की बारिश होने की संभावना है।
 
मौसम विभाग ने अगले दो से तीन दिनों के दौरान जोधपुर और बीकानेर संभाग के अधिकांश हिस्सों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूलभरी तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है।
 
पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के कुछ हिस्सों में तेज हवाएं चलीं, जबकि ज्यादातर क्षेत्रों में मौसम शुष्क रहा। इस दौरान फलोदी में राज्य का सर्वाधिक अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अजमेर में न्यूनतम तापमान 24.9 डिग्री सेल्सियस रहा।