आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने मंगलवार को आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रमुख मोहन भागवत और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने ‘वोट चोरी’ करके देश को ‘‘हाईजैक’’ किया है, जो ‘‘देशद्रोह’’ है।
उन्होंने यह भी कहा कि इनमें से कोई नहीं बचेगा और सबको कानूनी कार्रवाई का सामना करना होगा।
निर्वाचन आयोग मामले पर ‘इंडिया’ गठबंधन के सांसदों ने मंगलवार को संसद भवन परिसर से निर्वाचन आयोग की ओर मार्च निकाला। हालांकि पुलिस ने उन्हें संसद मार्ग पर रोक लिया और कई सांसदों को हिरासत में ले लिया।
राहुल गांधी, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी, केसी वेणुगोपाल और पार्टी के कई अन्य नेता निर्वाचन सदन जाने से रोके जाने के बाद आकाशवाणी परिसर में दाखिल हो गए और विरोध स्वरूप वहीं एक पेड़ के नीचे बैठक गए।
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष गांधी ने संवाददाताओं से कहा कि करीब 300 सांसद मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार और दोनों निर्वाचन आयुक्तों से मिलने के लिए पहुंचे थे, लेकिन उन्हें मिलने का अवसर नहीं दिया गया।