आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
मिजोरम युवा आयोग (एमवाईसी) ने भारतीय सशस्त्र बलों में राज्य के युवाओं की भागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से बुधवार को सेना भर्ती कार्यालय (एआरओ) के साथ एक रणनीतिक साझेदारी की घोषणा की। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि यहां एआरओ मुख्यालय में ‘यंग मिजो एसोसिएशन’ (वाईएमए) के अध्यक्ष मालसॉमजुआला राल्ते और एआरओ निदेशक कर्नल प्रकाश कुमार सिंह के बीच हुई उच्चस्तरीय बैठक के बाद इस सहयोग को अंतिम रूप दिया गया।
उन्होंने कहा कि वार्षिक भर्ती रैलियों को स्थानीय उम्मीदवारों के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर मानते हुए दोनों पक्षों ने स्थानीय अभ्यर्थियों की सफलता दर बढ़ाने के वास्ते एक व्यापक सहयोग तंत्र पर सहमति जताई है।
प्रस्तावित साझेदारी के तहत एमवाईसी पूरे राज्य में जागरूकता और प्रेरणा अभियान चलाएगा तथा ऑनलाइन आवेदन के लिए उम्मीदवारों को डिजिटल साक्षरता प्रशिक्षण और प्रवेश परीक्षाओं के लिए विशेष कोचिंग प्रदान करेगा।
अधिकारी के अनुसार, भर्ती प्रक्रिया आठवीं कक्षा से लेकर स्नातक डिग्री तक की शैक्षणिक योग्यता रखने वाले उम्मीदवारों के लिए खुली है।
उन्होंने बताया कि साझेदारी को औपचारिक रूप देने के लिए एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) का मसौदा तैयार किया जा रहा है, जिसे अंतिम रूप दिए जाने के बाद हस्ताक्षरित किया जाएगा।