Migratory birds are arriving at Okhla Bird Sanctuary, with around 6,000 birds from 100 species arriving.
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
सर्दियों की दस्तक के साथ नोएडा में यमुना नदी के किनारे स्थित ओखला पक्षी विहार में प्रवासी पक्षियों का आगमन तेज हो गया है और यहां अब तक लगभग 100 प्रजातियों के करीब 6,000 पक्षी देखे जा चुके हैं। वन विभाग ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
उत्तर प्रदेश वन विभाग के अनुसार, अक्टूबर की तुलना में नवंबर में प्रवासी पक्षियों की संख्या में उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गई है। आने वाले दिनों में ठंड बढ़ने और तापमान में गिरावट के साथ इन विदेशी मेहमानों की संख्या में और इजाफा होने की उम्मीद है।
विभाग के मुताबिक, इन दिनों पक्षी विहार में ग्रेटर फ्लेमिंगो, नॉर्दन शॉवेलर, नॉर्दन पिंटेल, कॉमन टील, गैडवॉल डक, ब्लू-विंग्ड टील, कॉमन कूट, व्हाइट स्टॉर्क, गल्स और ग्रेलैग गूज समेत कई आकर्षक प्रवासी प्रजातियां देखी जा रही हैं। रंग-बिरंगे प्रवासी पक्षियों की मौजूदगी ने ओखला पक्षी विहार को पक्षी प्रेमियों और प्रकृति की तस्वीरें खींचने के शौकीनों के लिए खास आकर्षण का केंद्र बना दिया है।
गौतमबुद्ध नगर के वन प्रभागी (फॉरेस्ट रेंजर) शशांक गुप्ता ने बृहस्पतिवार को बताया कि इस बार नॉर्दन शॉवेलर, कॉमन कूट और ग्रेटर फ्लेमिंगो प्रजातियों के पक्षी बड़ी संख्या में पहुंचे हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘फिलहाल पक्षी विहार में करीब 6,000 पक्षी मौजूद होने का अनुमान है। हालांकि, इनकी सटीक संख्या का पता जनवरी में होने वाली गणना के बाद ही चल सकेगा।’’
ओखला पक्षी विहार में हर साल सर्दियों के दौरान दुनिया के विभिन्न देशों और क्षेत्रों से हजारों प्रवासी पक्षी पहुंचते हैं। इनमें साइबेरिया, यूरोप, अमेरिका, कनाडा, मंगोलिया, तिब्बत और मध्य एशिया के विभिन्न क्षेत्र शामिल हैं।
अपने मूल निवास स्थानों पर अत्यधिक बर्फबारी और तापमान में भारी गिरावट के कारण ये पक्षी भोजन और अनुकूल आवास की तलाश में हजारों किलोमीटर की लंबी यात्रा तय कर भारत पहुंचते हैं।