जयशंकर ने जापान के वरिष्ठ नेताओं से की मुलाकात, रणनीतिक और आर्थिक संबंध मजबूत करने पर चर्चा

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 19-11-2026
Jaishankar meets senior Japanese leaders, discusses strengthening strategic and economic ties
Jaishankar meets senior Japanese leaders, discusses strengthening strategic and economic ties

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
 विदेश मंत्री एस जयशंकर ने बृहस्पतिवार को जापान की सत्तारूढ़ लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी (एलडीपी) के उपाध्यक्ष तारो एसो समेत वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात की और दोनों देशों के बीच रणनीतिक, आर्थिक तथा ऊर्जा सुरक्षा के क्षेत्र में सहयोग मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा की।

भारत और जापान के बीच चौथी विदेश एवं रक्षा मंत्री स्तरीय वार्ता (टू प्लस टू) में शामिल होने के लिए जापान पहुंचे जयशंकर ने एसो के साथ अपनी मुलाकात को ‘सुखद’ बताया। उन्होंने सरकारों, कारोबार जगत और दोनों देशों के लोगों के बीच द्विपक्षीय साझेदारी को और गहरा करने की एसो की प्रतिबद्धता की सराहना की।
 
जयशंकर ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘हम रणनीतिक, आर्थिक और ऊर्जा सुरक्षा सहयोग को मजबूत करने की जरूरत पर सहमत हुए। दोनों देशों के बीच साझेदारी को सरकारों, कारोबार जगत और लोगों के स्तर पर और गहरा करने के उनके विचारों और प्रतिबद्धता की मैं सराहना करता हूं।’’
 
जयशंकर ने जापान की सत्तारूढ़ लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी के मुख्यालय में जापान के पूर्व विदेश मंत्री तारो कोनो से भी मुलाकात की।
 
जापान के वरिष्ठ राजनीतिक नेताओं के साथ ये मुलाकातें बृहस्पतिवार को होने वाली भारत-जापान टू प्लस टू वार्ता से पहले हुईं। इस वार्ता में दोनों देशों के बीच रणनीतिक और रक्षा सहयोग के सभी पहलुओं की समीक्षा की जाएगी।